*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी के नेतृत्व में महिला मोर्चा ने रविवार को भोपाल में प्रधानमंत्री जी की दिवंगत माताजी पर कांग्रेस नेताओं की अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया*
————————————————–
*- प्रधानमंत्री जी की माता जी के साथ कांग्रेस ने देश की सभी माता-बहनों का अपमान किया है*
*- मोदी जी को पूरा विश्व सम्मान करता है, कांग्रेस नेता उनको भी अपशब्द कहते हैं*
*- मातृशक्ति को अपमानित करना कांग्रेस नेताओं की संस्कृति व परंपरा बन गई है*
*- श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भोपाल, 31/08/2025। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दिवंगत माता जी को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने के खिलाफ भाजपा ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी के नेतृत्व में भोपाल में लिंक रोड नंबर-एक, छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा के समक्ष महिला मोर्चा के नेत्रियों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सांकेतिक अर्थी निकाली और उनसे मांफी की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दिवंगत माता जी को लेकर कांग्रेस नेता ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। प्रधानमंत्री जी को पूरा विश्व सम्मान करता है, कांग्रेस नेता उनको भी अपशब्द कहते हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री जी की माताजी ही नहीं देश की सभी माता-बहनों का अपमान किया है। मातृशक्ति को अपमानित करना कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की संस्कृति व परंपरा बन गई है।
*मातृशक्ति का अपमान कर कांग्रेस समाज व संस्कृति के विपरीत कार्य कर रही है*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बिहार की एक सभा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री जी की माता जी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की गई। इस टिप्पणी से भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता के साथ देश के बुद्धिजीवी एवं संभ्रांतजन भी आक्रोशित हैं। देश और दुनियाभर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाए कांग्रेस नेता अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। नफरत की आग में जलने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगी दल राजनीतिक मर्यादा और राजनीतिक सुचिता को छोड़कर असभ्यता की सीमा लांघ चुके हैं। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता की दिवंगत माताजी के संबंध में इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर कांग्रेस ने भारतीय समाज और संस्कृति के विपरीत कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ प्रधानमंत्री जी की माता जी का नहीं, बल्कि देश की संपूर्ण मातृशक्ति का अपमान किया है। देश की जनता और मातृशक्ति इस अक्षम्य अपराध के लिए कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी।
*भाजपा महिला नेत्रियों ने किया जोरदार प्रदर्शन, जलाई अर्थी*
हजारों की संख्या में भाजपा महिला नेत्रियों ने राहुल गांधी से माफी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी की महिला नेत्रियों ने छत्रपति शिवाजी चौराहे से राहुल गांधी की सांकेतिक अर्थी लेकर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बाहर पहुंचीं, जहां अर्थी को सड़क पर लिटाकर जलाया और मातृशक्ति का अपमान करने पर राहुल गांधी से माफी की मांग की। भोपाल के अलावा प्रदेश के कई जिलों में पार्टी की महिला नेत्रियों के नेतृत्व में कांग्रेस जिला कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन कर राहुल गांधी से माफी की मांग करते हुए उनका पुतला जलाया।
भोपाल में आयोजित विरोध प्रदर्शन में प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्रीमती माया नारोलिया, महापौर श्रीमती मालती राय, जिला प्रभारी श्री महेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना जांचक सहित हजारों की संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं।