*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा पखवाड़ा’ पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया*
——————————————-
*-भाजपा की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित*
*-सेवा पखवाड़ा केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का जनांदोलन*
*-डॉ. मोहन यादव*
*-कार्यकर्ताओं का निर्माण और नए लोगों को जोड़ना कार्यक्रमों का लक्ष्य*
*-स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से युवा पीढ़ी को अवगत कराना होगा*
*-श्री अजय जामवाल*
*-विकसित भारत सिर्फ संकल्प नहीं, सिद्धि का मार्ग*
*-संकल्प लें, समर्पण दिखाएँ और सेवा पखवाड़े में बढ़-चढ़कर भाग लें*
*-डॉ. महेंद्र सिंह*
*-‘सेवा परमो धर्मः’ के मूल मंत्र पर श्री मोदी जी के जन्मदिन से मनाया जाएगा ‘सेवा पखवाड़ा’*
*-श्री हितानंद जी*
भोपाल, 05/09/2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा पखवाड़ा’ पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को दीप प्रज्जवलन एवं महापुरूषों को पुष्पांजलि अर्पित कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमारे कार्यकर्ता तपोनिष्ठ एवं राष्ट्र सेवा के संकल्प से बने हैं। मध्यप्रदेश को भाजपा की नर्सरी कहते हैं, और यहीं से जीत का रथ आगे बढ़ता रहेगा। सेवा पखवाड़ा हमारे लिए केवल कार्यक्रम नहीं है बल्कि जनसेवा का जनांदोलन है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों का लक्ष्य कार्यकर्ताओं का निर्माण है। इसलिए हमें आने वाले कार्यक्रमों से नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना है। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से युवा पीढ़ी को अवगत कराना होगा। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सेवा पखवाड़े में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के उद्देश्य को समझें और समर्पण से काम में जुट जाएं। विकसित भारत सिर्फ संकल्प नहीं, सिद्धि का मार्ग है। संकल्प लेकर पूरे समर्पण के साथ सेवा पखवाड़े में बढ़-चढ़कर भाग लें। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का मंत्र है ’सेवा परमो धर्म’। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा।
*हमें सेवा पखवाड़ा के माध्यम से जनता में भरोसे का सेतु बनाना है – डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि भारतीय जनता पार्टी ने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा“ के रूप में जनसेवा का संकल्प लिया है। यह पखवाड़ा उस नेतृत्व को समर्पित है, जिसने भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है। प्रधानमंत्री मोदी जी की नीतियों और नेतृत्व ने भारत को एक नई दिशा दी है। विश्व में मोदी जी की भूमिका एक विश्व नेता के रूप में उभरी है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। भारतीय जनता पार्टी देशऔर प्रदेश में सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से जनता का विश्वास जीत रही है, वहीं विपक्ष जानता है कि उसका भविष्य अंधकारमय है, इसलिए वह घबराया हुआ है। हमें अपने-अपने जिलों, मंडलों और बूथ स्तर पर जनता के बीच जाकर यह संदेश पहुचाना है कि यह पखवाड़ा केवल पार्टी ही नहीं, बल्कि जनसेवा का जनांदोलन है। हमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर घर-घर जाना है, और मोदी सरकार की साफ नीयत और नीति को बताना है। यह सेवा पखवाड़ा अपनी व्यापकता, गहराई और उद्देश्य की दृष्टि से अद्वितीय और ऐतिहासिक होगा। हमें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता के साथ संपर्क, संवाद कर भरोसे का सेतु बनाना है।
*विपक्ष भ्रम फैला रहा है, हम जनता का विश्वास जीत रहे हैं*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा पर आधारित है, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमारे कार्यकर्ता तपोनिष्ठ हैं और वे कच्ची मिट्टी के नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प से बने हैं। मध्यप्रदेश को भाजपा की नर्सरी कहते हैं, और यहीं से जीत का रथ आगे बढ़ता रहेगा। हम चुनौतियों से नहीं डरते, क्योंकि हमारी विचारधारा, ओतप्रोत हमारे कार्यकर्ता और राष्ट्र के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता ही हमारी शक्ति है। हमारे कार्यकर्ता राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं और बूथ से लेकर राष्ट्र तक समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं जबकि कांग्रेस व विपक्षी दल देश में भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने में जुटे है। उन्होंने विपक्ष की तुलना रावण से करते हुए कहा कि वे संविधान की किताब दिखाकर साधु का वेश धरते हैं, वहीं सबसे ज्यादा संविधान संशोधन और न्यायपालिका का अपमान करने के लिए जिम्मेदार हैं। कांग्रेस शुतुरमुर्ग की तरह आरोप लगाकर सच्चाई से मुंह मोड़ लेती है। कांग्रेस का चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने तीन तलाक, धारा 370 और दंगों के माध्यम से देश को पीछे धकेला, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ा और मुस्लिम बहनों को न्याय दिलाया। “वन नेशन, वन इलेक्शन” देश को और स्थायित्व देगा। शिक्षा के क्षेत्र में हमारी प्रदेष सरकार ने ऐतिहासिक कार्य करते हुए 1.5 लाख से अधिक शिक्षकों को चतुर्थ वेतनमान देने का निर्णय लिया है, जिस पर होने वाला 117 करोड़ रुपये का व्यय राष्ट्र निर्माण में एक निवेश है। मध्यप्रदेश, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बन चुका है। सांदीपनी विद्यालय जैसी संस्थाएं हमारे संकल्प का उदाहरण हैं। सिंगरौली और श्योपुर में नए मेडिकल कॉलेज खोलकर 475 सरकारी मेडिकल सीटें और जोड़ी गई हैं, यह रोजगार और स्वास्थ्य सेवा दोनों के लिए क्रांतिकारी कदम है।
*समाज को योजनाओं, संस्कारों, विचारों की दृष्टि से जगाना हमारा लक्ष्य- श्री अजय जामवाल*
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी देश को विकसित भारत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, रात दिन परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने देश के स्वाभिमान को जगाने के लिए हर संभव प्रयास किया है। देश में जनहित की 300 से अधिक योजनाएं चल रही हैं, जिनका जनता को लाभ भी मिल रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री जी हमेशा यह चिंता करते हैं कि उनका यह काम नीचे तक, आम जन तक पहुंच रहा है या नहीं। देश में भौतिक विकास तो बहुत हो रहा है, लेकिन उसका लाभ तब तक नहीं है, जब तक वैचारिक विकास न हो। जब तक लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना, राष्ट्र के प्रति गौरव का भाव जागृत नहीं होता, तब तक भौतिक विकास का कोई लाभ नहीं है। इसलिए समाज को योजनाओं की दृष्टि से, संस्कारों की दृष्टि से और विचारों की दृष्टि से जागृत करना हमारा लक्ष्य और दायित्व है। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से आज की युवा पीढ़ी को अवगत कराना सबसे बड़ी आवश्यकता है और आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से हमें यही काम करना है।
*कार्यक्रमों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का निर्माण*
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों का उद्देश्य नए कार्यकर्ताओं का निर्माण और नए लोगों को पार्टी से जोड़ना होता है। इसलिए आगामी कार्यक्रमों का आयोजन इसी तरीके से करें कि नए कार्यकर्ताओं को सीखने का अवसर मिले, वो जिम्मेदारियों के लिए तैयार हों। साथ ही नए लोगों का पार्टी की विचारधारा से परिचय हो सके, वो हमारे संगठन और विचार से जुड़ें। श्री जामवाल ने कहा कि इसके लिए हमें अपने सीमित दायरे से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले और मंडल में कार्यक्रमों के डाटा के अलावा इस बात का भी डाटा रखा जाए कि विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान कितने नए लोगों की सहभागिता रही। श्री जामवाल ने कहा कि जिस तरह से सेवा पखवाड़े में युवा मोर्चे की भूमिका है, उसी तरह से अन्य सभी मोर्चे इन कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता करें। सभी प्रकोष्ठ भी अपने-अपने स्तर पर इन कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तैयार करें।
*‘सेवा परमो धर्मः’ में रम जायें पार्टी कार्यकर्ता- डॉ. महेंद्र सिंह*
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा है-नागरिक देवो भव। अर्थात् देश का प्रत्येक नागरिक देवता है। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत हमें भी प्रत्येक नागरिक को देवता मानते हुए सेवा कार्यों में जुटना होगा। हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि सेवा परमो धर्मः। अर्थात् सेवा ही परम धर्म है। कोविड काल में हमने इसके उदाहरण देखे भी हैं, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन को खतरे में डालकर पीड़ितों की सेवा की थी। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े में शामिल किए गए कार्यक्रमों का औचित्य समझते हुए हमें सेवा कार्यों में जुटना होगा। रक्तदान इसलिए करना है, क्योंकि देश में हर दिन 12000 लोग समय पर रक्त न मिल पाने के कारण प्राण त्याग देते हैं। वहीं, एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि सारी दुनिया में जलवायु संकट चल रहा। ओजोन की परत कमजोर हो रही है। भूमिगत जल का स्तर लगातार नीचे जा रहा है। इस संकट से सिर्फ वृक्ष लगाकर ही बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 15 दिनों में 15 कार्यक्रम होना है। इन्हें सफल बनाने के लिए अपनी टोली में कार्य का स्पष्ट विभाजन करें। अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ने का प्रयास करें। अपने-अपने क्षेत्रों में रक्तदाताओं, प्रबुद्धजनों और दिव्यांगजनों का डाटा तैयार करें, ताकि आवश्यकता के समय उनका उपयोग किया जा सके।
*मोदी जी के नेतृत्व में आकार ले रहा विकसित और आत्मनिर्भर भारत*
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्रसिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में किस तरह विकसित और आत्मनिर्भर भारत आकार ले रहा है, यह बात हमें नीचे तक पहुंचाना है। आज भारत का जीडीपी ग्रोथ रेट लगभग 8 प्रतिशत पर है, जबकि विकसित कहे जाने वालों की विकास दर इससे कम है। इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में आज भारत का कोई मुकाबला नहीं है। कभी रक्षा उपकरणों के लिए अन्य देशों पर निर्भर रहा भारत आज दुनिया के 84 देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। भारत ने 750 अरब डॉलर का निर्यात किया है और हमारी प्रति व्यक्ति आय 2.5 लाख पर पहुंच गई है। हम 4.4 ट्रिलियन डॉलर के साथ दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। उन्होंने कहा कि विकसित देश के जो जरूरी मापदंड होते हैं, उनमें से हर मापदंड पर प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार काम कर रही है। लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। घर-घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर कार्यकर्ता स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प ले।
*आत्मनिर्भर भारत बनने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल पर जोर देना होगा -श्री हितानंद जी*
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मंत्र ’सेवा परमो धर्म’ के आधार पर उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ नमो वन, प्रबुद्धजनों का सम्मान, प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का परिचय, खेलकूद प्रतियोगिता, नमो मैराथन सहित कई आयोजन जिला और मंडल स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रदेश लगातार बेहतर कार्य कर रहा है, हमें बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर और आगे बढ़ाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिशन को हमें साकार करना है। पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्वेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती 25 सिंतबर से 25 दिसंबर तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आत्मनिर्भर भारत यात्राओं, कॉलेजों में सेमिनार, त्योहारों पर स्वदेशी सामान खरीदना और उसके लिए प्रोत्साहित करने सहित आदि माध्यमों से हमें आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल पर जोर देना होगा, ताकि हम आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सके।
*‘सेवा पखवाड़ा” के तहत प्रदेश भर में आयोजित होंगे कार्यक्रम*
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने ‘सेवा पखवाड़ा” के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 6 से 10 सितंबर तक जिला स्तर और 11 से 13 सितंबर तक मंडल स्तर में कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 17 से 24 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर, 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर व प्रदर्शनी, 19 -20 सिंतबर को प्रबुद्वजन सम्मेलन और 21 से 25 सिंतबर तक खेल प्रतियोगिताएं एवं प्रदेश के महानगरों में नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 और 28 सिंतबर को दिव्यांग और विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा। हमें 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर जी की जयंती पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि कर खादी की सामग्री क्रय कर जन-जन को जागरूक करके स्वदेशी को बढ़ावा देना है।
*मंच पर रहे उपस्थित*
मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री, सांसद व सेवा पखवाडा की प्रदेश संयोजक सुश्री कविता पाटीदार ने किया एवं आभार प्रदेश उपाध्यक्ष व सेवा पखवाडा के सह संयोजक श्री चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने माना। इस दौरान मंच पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व सह संयोजक श्री वैभव पंवार, अजजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री पंकज टेकाम एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख उपस्थित रहे। बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व कार्यक्रम के जिला संयोजक उपस्थित रहे।