*भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने रविवार को मुरैना, भिण्ड एवं ग्वालियर जिलों की विभिन्न विधानसभाओं में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों को किया संबोधित*
————————-
*- संगठन की ताकत से ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प*
*- कार्यकर्ता सरकार और समाज के बीच मजबूत सेतु बने*
*- बूथ से विधानसभा तक सक्रिय भूमिका निभाएं कार्यकर्ता*
*- डॉ. महेन्द्र सिंह*

मुरैना/भिण्ड/ग्वालियर, 04/01/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने रविवार को मुरैना, भिण्ड एवं ग्वालियर जिलों की विभिन्न विधानसभाओं में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने मुरैना जिले के अम्बाह में दिमनी एवं अम्बाह, भिण्ड जिले के मेहगांव में मेहगांव एवं गोहद तथा भिण्ड में भिण्ड, अटेर, लहार एवं ग्वालियर में विभिन्न विधानसभा की बैठकों में संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त संगठन है और संगठन की मजबूती से ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की आगामी कार्ययोजना जनसंपर्क, संगठन विस्तार तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर केंद्रित है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
*सरकार की उपलब्धियां को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता*
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और विधानसभा स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करना होगा। संगठनात्मक प्रवास, नियमित बैठकें और जनसंवाद के माध्यम से भाजपा की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आगामी कार्ययोजना के अंतर्गत इन उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता विशेष अभियान चलाकर कार्य में जुट जाएं।

*सरकार और समाज के बीच सेतु बने कार्यकर्ता*
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाता है। इसलिए लाभार्थियों से निरंतर संवाद स्थापित कर योजनाओं की जानकारी देना और पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने में सहयोग करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संगठन में अनुशासन, समयबद्धता और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया। आगामी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की कार्ययोजना दीर्घकालिक दृष्टि पर आधारित है। संगठन विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना, युवा एवं महिला सहभागिता बढ़ाना तथा सोशल और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि “हर घर भाजपा” के लक्ष्य के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाना ही आने वाले समय की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
मुरैना जिले में आयोजित बैठकों में संभाग प्रभारी श्री अभय यादव, सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, पूर्व विधायक श्री कमलेश जाटव एवं भिण्ड जिले में आयोजित बैठकों में प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश शुक्ला, संभाग प्रभारी श्री अभय यादव, सांसद श्रीमती संध्या राय, जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र नरवरिया, विधायक श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद श्री अशोक अर्गल, पूर्व मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया सहित सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





