*भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने मुरैना में विधानसभा बैठक को किया संबोधित*
–———————————–
*-प्रधानमंत्री जी देश को सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सतत कार्य कर रहे हैं*
*-सरकार और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाकर पार्टी को मजबूत करना हमारा दायित्व*
*-विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण*
*-डॉ. महेन्द्र सिंह*

मुरैना/भोपाल, 03/01/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शनिवार को मुरैना भाजपा जिला कार्यालय में सबलगढ़, जौरा, सुमावली एवं मुरैना विधानसभाओं की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विधानसभा, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर तक प्रवास कर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाएं और भाजपा की विचारधारा से हर घर को जोड़ने का कार्य करें।
*मेहनत से मिलता है विकास का सुखद अनुभव*
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समर्पण के कारण ही भाजपा ने वर्ष 2023 के विधानसभा एवं वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद से भारत ने विकास की नई गति पकड़ी है। मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनकल्याण और सुशासन को विकास की धुरी बनाया है। आयुष्मान भारत, पीएम किसान, उज्ज्वला और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों का जीवन स्तर सुधरा है। एक्सप्रेस-वे, वंदे भारत ट्रेनें और डिजिटल भुगतान जैसी पहल ने देश को आधुनिक भारत की दिशा में अग्रसर किया है। आज भारत आत्मनिर्भर, सुरक्षित और वैश्विक मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, आयुध निर्माण, मोबाइल निर्माण सहित अनेक क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। आयात में कमी और निर्यात में वृद्धि भी सशक्त नेतृत्व का ही परिणाम है। देश को निरंतर प्रगति करते देखना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है।
*विकसित भारत के लक्ष्य के लिए संगठन को सशक्त बनाएं*
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। यह लक्ष्य तभी साकार होगा जब केंद्र और राज्यों में भाजपा की सरकारें निरंतर बनती रहें। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश का समग्र विकास, गरीब, युवा, महिला और किसान का कल्याण तथा आर्थिक सशक्तिकरण यदि कोई राजनीतिक दल कर सकता है, तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा की सरकारें हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के कार्यों को घर-घर तक पहुँचाएं तथा “हर घर भाजपा कार्यकर्ता” के लक्ष्य के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करें।

बैठक में संभाग प्रभारी श्री अभय यादव, सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, महापौर शारदा सोलंकी, पूर्व विधायक श्री शूबेदार सिंह सिकरवार एवं श्री रघुराज सिंह कंसाना सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





