*ब्राह्मण बालकों का उपनयन संस्कार व भगवान परशुराम भवन का लोकार्पण कल होगा संपन्न*
गंजबासौदा– भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य चार दिवसीय आयोजन के प्रथम दिवस कल रविवार 27 अप्रैल को प्रातः 9 बजे से ब्राह्मण बालकों का उपनयन संस्कार संपन्न होगा जो करीब शाम 5 बजे तक चलेगा। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया की उपनयन एक संस्कार है जो 16 संस्कारों में से एक है। ब्राह्मणों में इस संस्कार की विशेष भूमिका है बिना उपनयन संस्कार के वेद पाठ की शिक्षा भी नहीं हो सकती इसलिए प्रत्येक ब्राह्मण को उपनयन संस्कार अवश्य करवाना चाहिए। श्री शर्मा ने बताया कि अब तक उपनयन संस्कार के लिए 78 ब्राह्मण बालकों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है ओर भी अगर कोई बंधु अपने 8 वर्ष से अधिक ब्राह्मण बालकों का उपनयन संस्कार करवाना चाहते हैं तो वह भगवान परशुराम भवन वेदन खेड़ी पर पहुंच कर संपर्क कर सकते हैं।
यह पुनीत व अनोखा आयोजन नगर में प्रथम बार ही ब्राह्मण समाज की अगुवाई में हो रहा है। उपनयन संस्कार का कार्यक्रम पंडित मुन्नालाल शास्त्री के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। श्री शास्त्री ने बताया कि यज्ञोपवीत का यह आयोजन ब्राह्मणों के लिए बहुत ही आवश्यक है इसमें गायत्री मंत्र की दीक्षा भी दी जाती है जिसके बाद ब्राह्मण बालक गायत्री मंत्र का जाप करने का भी अधिकारी बनता है साथ ही यज्ञोपवीत होने के बाद बालकों में सद्गुण भी आते है व बालक तेजवान हो जाता है। यह संस्कार 8 से 16 वर्ष के बीच होना चाहिए। इस संस्कार के बाद ही वेदारंभ व समावर्तन संस्कार भी होता है। श्री शास्त्री ने बताया कि यह संस्कार ब्राह्मण समाज गंजबासौदा द्वारा पूर्ण विधि विधान से की जायेगी इसलिए जो भी इच्छुक हो वह इस आयोजन में शामिल हो सकते हैं।
*भगवान परशुराम भवन का होगा लोकार्पण–*
निर्माणाधीन ब्राह्मण समाज की धर्मशाला स्थल वेदनखेड़ी तिरंगा बायपास रोड पर बने भगवान परशुराम भवन का लोकार्पण भी कल शाम 4 बजे नौलखी खालसा के श्री महंत श्री राम मनोहर दास जी महाराज व मुंडरी धाम के महंत परशुराम दास जी की पावन सानिध्य में संपन्न होगा। ब्राह्मण समाज के भव्य चार दिवसीय आयोजन के प्रभारी अरविंद दुवे ने मीडिया के माध्यम से अपील की है कि सभी धर्म प्रेमी बंधु अपने इष्ट मित्रों सहित भगवान परशुराम भवन के लोकार्पण सहित परशुराम जनोत्सव के सभी चार दिवसीय आयोजन में अवश्य पधारें व धर्म लाभ लेवें।